महाराजपुर थाना क्षेत्र में नरवल मोड़ के पास बुधवार को तेज रफ्तार कार ने टैक्सी का इंतजार कर रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 35 वर्षीय ऊषा देवी पत्नी विनोद की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक फुफवार सुई थोक की रहने वाली ऊषा देवी अपने देवर जितेंद्र और पांच वर्षीय बेटे रिहान के साथ कानपुर जाने के लिए सड़क किनारे टैक्सी का इंतजार कर रही थीं। तभी फतेहपुर की ओर से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में देवर जितेंद्र ने राहगीरों की मदद से उन्हें सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति विनोद मजदूरी करते हैं। परिवार में 11 वर्षीय बेटी रिया और पांच वर्षीय बेटा रिहान है। हादसे की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महाराजपुर इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि कार की पहचान के लिए घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।