महाराजपुर थाना क्षेत्र के महुआ गांव रोड स्थित अपोलो इंस्टीट्यूट ग्रुप ऑफ टेक्नोलॉजी में रविवार की रात उस समय हड़कंप मच गया जब कैंपस में कुत्तों को बांधने वाली जगह पर एक विशालकाय अजगर दिखाई दिया। अचानक दिखे इस अजगर को देखकर स्टाफ और छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। जिसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने तुरंत पड़ोसी गांव उमराव खेड़ा निवासी ऑल इंडिया वाइल्डलाइफ ट्रस्ट के सर्प मित्र मनोज कुमार को सूचना दी। सूचना मिलते ही मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और पूरी सावधानी के साथ अजगर का रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के दौरान उन्होंने मौजूद लोगों को सांपों के व्यवहार और वन्यजीव संरक्षण के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही संदेश दिया कि किसी भी बेजुबान जीव पर अत्याचार न करें यदि कहीं भी जंगली जीव दिखाई दें तो तुरंत सूचना दें ताकि उन्हें सुरक्षित उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके। रेस्क्यू के बाद सर्प मित्र मनोज कुमार ने अजगर को गांव के बाहर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।