महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा स्थित कानपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में छात्रों का विरोध प्रदर्शन सोमवार को तीसरे दिन भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। आंदोलन कर रहे छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन ने पहले ऑटोनॉमस नियमों के तहत दाखिला लिया और अब अचानक एकेटीयू संबद्धता के नियम लागू कर दिए जिससे छात्रों का भविष्य संकट में पड़ गया है। इसी मुद्दे को लेकर छात्र लगातार कैंपस में धरना और नारेबाजी कर रहे हैं। इसी बीच सोमवार देर शाम कैंपस के सर्वर रूम में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से हड़कंप मच गया देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और धुआं उठता देख आसपास मौजूद छात्रों और कर्मचारियों में अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।