जल निगम ने मुख्य पाइपलाइन बिछाने के डेढ़ माह बीतने के बाद भी उस्मानपुर रोड नहीं बनाई और न ही इसे चलने योग्य किया। सड़क पर डेढ़-दो फीट तक गहरे गड्ढे हो गए हैं। 14 जून की रात लोडर पलटने से दो लोग दबकर घायल हो गए थे। आए दिन हादसे हो रहे हैं, आवागमन भी दूूभर है। ये शिकायतें रविवार को जनता ही जनार्दन शिविर में उस्मानपुर वार्ड के लोगों ने कीं। ज्यादा शिकायतें आने पर अमर उजाला के शिविर में आए जल निगम के साइट इंजीनियर ने सड़कों को चलने योग्य बनाने के लिए गिट्टी डलवाई। वहीं, कृष्णा विहार, साकेतनगर में सड़कें व नालियां साफ कराकर कूड़ा उठवाया गया। पांच स्ट्रीट लाइटें भी ठीक हुईं। अन्य समस्याओं के भी जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया। इस दौरान 53 लोगों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, जांचें भी हुईं।