कानपुर नरवल तहसील के सरसौल क्षेत्र स्थित नागापुर गंगा तट पर बने परशुराम धाम में इस वर्ष भगवान परशुराम जन्मोत्सव और अक्षय तृतीया महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। चाणक्य वंशज संगठन के तत्वावधान में 17 से 19 अप्रैल तक तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला देखने को मिलेगी। आयोजन से जुड़े पूर्व मंत्री अनंत मिश्रा ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य सर्व समाज को एकजुट कर भगवान परशुराम के जन्मोत्सव को भव्य रूप में मनाना है। इसके तहत मंदिर परिसर में नर्मदेश्वर शिवलिंग और शिव परिवार की स्थापना की जाएगी, जिससे धार्मिक माहौल और अधिक सशक्त होगा। कार्यक्रम के दौरान 101 बटुकों का यज्ञोपवीत संस्कार निश्शुल्क कराया जाएगा, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा। इसके साथ ही विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, पूजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी।