कानपुर के व्यस्त विजयनगर चौराहे के पास स्थित एक होलसेल किराना दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 10 लाख रुपये की नकदी और 1.50 लाख कीमत के सामान (सिक्के, सिगरेट आदि) पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब व्यापारी दुकान खोलने पहुंचे, तो घटना की जानकारी हुई। मौके पर पहुंची काकादेव थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने साक्ष्य जुटाए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर रात करीब 2:20 बजे बाइक पर सवार तीन संदिग्ध नजर आए, जिनमें से दो ताला तोड़कर अंदर घुसे थे। व्यस्त सड़क पर हुई इस बड़ी चोरी से पुलिस की रात्रि गश्त के दावों की पोल खुल गई है।