झुलसा देने वाली गर्मी में शहर के दक्षिणी इलाके के लोग बिजली कटौती से परेशान हैं। बर्रा विद्युत कॉलोनी सब स्टेशन, शास्त्री चौक पर बिजली कटौती से परेशान लोगों ने बुधवार रात करीब 12 बजे पथराव कर दिया। करीब 48 घंटे से बिजली कटौती का दंश झेल रहे लोगों का आक्रोश देखकर सब स्टेशन पर मौजूद कर्मचारी जान बचाकर भाग निकले। आक्रोशित भीड़ ने कई कुर्सियां तोड़ दीं। पुलिस ने लाठी पटक कर आक्रोशित भीड़ को खदेड़ा। हंगामा और पथराव कर रहे चार लोगों को पुलिस पकड़कर थाने ले गई है। दक्षिण क्षेत्र में लोग बीते तीन दिन से बिजली संकट झेल रहे है। चौथे दिन बुधवार रात भी कर्रही और विद्युत कॉलोनी सबस्टेशन पर लोगों ने हंगामा किया। ठाकुर चौराहे पर पसीने में तर-बतर लोगों ने जाम लगा दिया। गुंजन विहार में लोगों का गुस्सा उस समय फूटा जब 48 घंटे बाद नया ट्रांसफार्मर लेकर पहुंचे केस्को कर्मी ने केबल व औजार भूल जाने की बात कही। आक्रोशित लोगों ने उसे बंधक बनाने की कोशिश की। केस्को कर्मी ने अधिकारियों को कई बार फोन कर मदद मांगने की कोशिश की लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। करीब तीन घंटे तक लोग उसे घेरकर खड़े रहे। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद मरम्मत कार्य शुरू हो सका। बार-बार आपूर्ति बाधित होने से गुस्साए लोगों ने कर्रही और विश्व बैंक, बर्रा-2 स्थित विद्युत कॉलोनी सबस्टेशन का घेराव कर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि चार दिन से यह समस्या झेल रहे हैं, कई इलाकों में तो 48 घंटे से बिजली आई ही नहीं, जहां आई भी तो बार-बार ट्रिपिंग हो रही है। इस भीषण गर्मी में न दिन में सुकून है और ना ही रात को राहत, करें तो क्या करे और कहां जाएं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली। देर रात तक भारी पुलिस बल तैनात था।