कानपुर के मंधना-टिकरा मार्ग पर चल रहे चौड़ीकरण कार्य के बीच ठेकेदार की लापरवाही सामने आई है। करोड़ों रुपये की लागत से सड़क का चौड़ीकरण कराया गया है और वर्तमान में पीडब्ल्यूडी की ओर से मंधना बिजलीघर के पास स्थित नाले की संकरी पुलिया को चौड़े पुल में बदलने का काम किया जा रहा है। इस निर्माण कार्य के चलते यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए एक कच्चा डायवर्जन मार्ग तैयार किया गया है, लेकिन इस मार्ग पर पानी का छिड़काव न होने से धूल के गुबार उठ रहे हैं। रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों, वाहन चालकों और आसपास के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कच्चे रास्ते पर वाहनों के गुजरने से धूल तेजी से उड़ती है, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है और दृश्यता भी प्रभावित हो रही है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता और भी जोखिम भरा बन गया है।