चकेरी थानाक्षेत्र के श्याम नगर स्थित सी ब्लॉक में सोमवार को दिनदहाड़े मां-बेटे को बाइक सवार तीन बदमाशो ने बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी पाकर डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता, एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह, चकेरी पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। श्याम नगर सी ब्लॉक निवासी शरद चंद्र त्रिपाठी श्याम नगर स्थित एक प्राइवेट स्कूल में टीचर है। वह सोमवार सुबह स्कूल चले गए थे। जबकि उनकी पत्नी रचना त्रिपाठी और उनका बेटा देवांश त्रिपाठी घर पर मौजूद थे। इसी दौरान दोपहर 11:30 से 12 बजे के करीब दिनदहाड़े असलहे और चाकू के बल पर तीन बदमाश घर के अंदर घुसे। किचन में खाना बना रही मां रचना के ऊपर तमंचा लगा दिया। फिर ड्राइंग रूम में बैठे बैठे देवांश को बंधक बना लिया। इसके बाद करीब 45 मिनट तक किचन और कमरे में ले जाकर अलमारियों की चाभी लेकर 10 लाख की नगदी और 1.50 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। जिसमें तीन शातिर लूट की वारदात के बाद रक्षा विहार की ओर जाते दिखे है। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता के मुताबिक पूरे शहर में चेंकिंग कर बदमाशो को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।