लखनऊ में विधानसभा सत्र के दौरान मंगलवार को सदर विधायक पकंज गुप्ता ने नवीन गंगापुल के निकट ही एक और नया पुल बनाए जाने की बात रखी। इस समयावधि के दाैरान पीपे का पुल बनाए जाने की बात भी रखी ताकि लोगों को राहत मिल सके। सदन में रहे लोक निर्माण मंत्री ने पुल जल्द बनाए जाने की स्वीकृति देने की बात कही है। सदर विधायक ने बताया कि शुक्लागंज के नवीन गंगापुल पर एक और नवीनपुल निर्माण की मांग को लेकर उन्होंने सदन में बात रखी है। कहा कि गंगा पुल का निर्माण उन्नाव-कानपुर को जोड़ने व आवागमन के लिए अति महत्वपूर्ण है। नियम-51 के तहत उठाए गए बिंदु पर चर्चा करते हुए मांग रखी। इसका विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी सर्मथन कर लोक निर्माण मंत्री से जवाब मांगा। सदन में लोक निर्माण मंत्री ने आश्वस्त किया कि त्वरित गति से कार्रवाई जारी है। शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू होगा। इस पर सदर विधायक ने तत्कालिक रूप से आवागमन के लिए पीपे का पुल बनने की मांग की। लोक निर्माण मंत्री ने आश्वस्त किया कि पीपे का पुल बनवाया जाएगा। आश्वस्त किया कि शीघ्र ही नवीन पुल का निर्माण होगा।