फतेहपुर के गाजीपुर थाना क्षेत्र में लापता बुजुर्ग का शव मिलने के बाद मंगलवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पखरौली गांव निवासी सोहन लाल (60) का शव गांव के बाहर तालाब में उतराता मिला। इसके बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। जानकारी के अनुसार, सोहन लाल 16 अप्रैल को अपनी बहू के ननिहाल जयराम का पुरवा (थाना कोतवाली) में आयोजित मुंडन संस्कार में शामिल होने गए थे। इसके बाद से वह लापता हो गए थे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। गुमशुदगी की रिपोर्ट भी गाजीपुर थाने में दर्ज कराई गई थी।