उद्यमी समाधान दिवस कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी विपक्षियों पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि काफी समय पहले कानपुर को पूरब का मैनचेस्टर कहा जाता था। पहले की सरकारों ने यह स्वरूप खो दिया। सपा सरकार सिर्फ परिवार के लोग और जाति तक सीमित है। उन्होंने उद्यमियों और उद्योग के लिए कुछ नहीं किया। कांग्रेस सरकार तो सिर्फ दिखावा करती रही। हमारी सरकार आपकी हर समस्या दूर करेगी। नंदी ने कहा कि आप लोगों ने जो समस्याएं बताई हैं वह सभी यूपीसीडा की नहीं थीं, लेकिन यह उद्यमियों का अपनापन है जो उन्होंने दूसरे विभागों की समस्याएं इस मंच से उठाईं। उन्होंने कहा कि यह समाधान दिवस पूरे प्रदेश में हो रहा है। इसके बाद अधिकारियों और शासन के लोगों के साथ बैठक कर मूल और एक जैसी समस्याओं को एक साथ लाकर तेजी से समाधान किया जाएगा।