मौनी अमावस्या पर्व पर रविवार को श्रद्धालुओं ने सीताराम कॉलोनी स्थित नमामि गंगे घाट और आनंद घाट पर गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाई। पूजन पाठ के बाद जरूरतमंदों में दान-पुण्य किया। भोर होते ही दोनों घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। हर-हर गंगे के उद्घोष से माहौल गूंजता रहा। मालूम हो कि कटान होने के कारण इस बार शिव बाबा घाट, बालू घाट और कंट्रोल घाट पर गंगा स्नान करने पर पूरी तरह से रोक रही। गंगा स्नान करने के लिए नगर के अलावा उन्नाव शहर, बांगरमऊ, अजगैन, सोहरामऊ, लखनऊ, अचलगंज व कानपुर समेत अन्य कई जगहों से श्रद्धालु तड़के से ही नमामि गंगे घाट और आनंद घाट पर पहुंचने लगे। स्नानार्थियों की भीड़ को देखते हुए गंगाघाट पालिका की ओर से हर व्यवस्था एक दिन पहले से ही दुरुस्त करा दी गई थी। सुरक्षा के चलते पालिका की ओर से नाव, नाविक और गोताखोर मौजूद रहे।कटान के कारण मिश्रा कॉलोनी स्थित शिव बाबा घाट, बालू घाट और कंट्रोल घाट पर गंगा स्नान करने पर पूरी तरह से रोक रही। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों घाटों पर फोर्स की तैनाती रही।