भीतरगांव-साढ़ मार्ग पर स्थित बिरसिंहपुर गांव के पास रिंद नदी किनारे मंगलवार दोपहर बाद जंगल में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों के अनुसार देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवा के कारण लपटें तेजी से बिरसिंहपुर गांव की दिशा में बढ़ने लगीं, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। आग से उठता धुआं दूर तक दिखाई देता रहा। ग्रामीणों ने आग बढ़ती देख तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। हालांकि घटना के करीब आधे घंटे बाद तक फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी थी। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो आसपास के खेतों और गांव तक खतरा बढ़ सकता है। कई लोग अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास करते नजर आए।