नरवल के कमालपुर गांव में स्व. चंद्रजीत सिंह क्रिकेट लीग का फाइनल मुकाबला सोमवार को आयोजित हुआ। तीन दिवसीय इस टूर्नामेंट का उद्देश्य स्व. चंद्रजीत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करना और ग्रामीण युवाओं में खेल के प्रति उत्साह जगाना रहा। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धांजलि सभा भी हुई, जिसमें मुख्य अतिथि व विशिष्ट जनों ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी। आयोजक डिप्टी कमिश्नर चन्द्रभान सिंह और उत्कर्ष तिवारी ने बताया कि स्व. चंद्रजीत सिंह उनके बड़े भाई और बेहतरीन खिलाड़ी थे। फाइनल में अनूप इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवरों में 182 रन बनाए। आसिफ ने शानदार 81 रन और कप्तान अनूप ने 56 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सत्या इलेवन मात्र 86 रन पर सिमट गई। अनूप इलेवन ने 96 रनों से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख डॉ. विजय रत्ना तोमर ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया।