कल्याणपुर ब्लॉक के कुरसौली गांव में मुख्य नाले की सफाई न होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। करीब चार फीट चौड़ा और चार फीट गहरा यह नाला पूरी तरह चोक हो चुका है। सड़क किनारे खुला पड़ा नाला गंदगी से भरा है और राहगीरों के लिए भी परेशानी का कारण बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि मानसून का मौसम शुरू होने वाला है। ऐसे में यदि समय रहते नाले की सफाई नहीं कराई गई तो बरसात का पानी गांव और आसपास के इलाकों में भर सकता है। जलभराव होने से मच्छरों और संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ जाएगी। कुरसौली गांव का नाम वर्ष 2022 में उस समय चर्चा में आया था, जब गंदगी और संक्रमण के चलते फैली बीमारी की चपेट में आकर 16 लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद गांव में स्वच्छता और जलनिकासी व्यवस्था सुधारने के दावे किए गए थे, लेकिन वर्तमान स्थिति उन दावों पर सवाल खड़े कर रही है।