काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणामों में एक बार फिर औद्योगिक नगरी कानपुर का दबदबा पूरे देश में देखने को मिला है। शहर के प्रतिष्ठित शीलिंग हाउस स्कूल के मेधावी छात्र ओजस्वित पासरीचा ने सभी विषयों में पूर्णांक प्राप्त कर 100 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। ओजस्वित की इस ऐतिहासिक सफलता ने न केवल उनके परिवार और स्कूल, बल्कि पूरे शहर का मान बढ़ाया है। ओजस्वित ने बताया, आज के दौर में जहां अधिकांश छात्र मोबाइल और सोशल मीडिया को पढ़ाई में बाधा मानते हैं, वहीं ओजस्वित का नजरिया थोड़ा अलग है। उन्होंने बताया कि वह सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते थे, लेकिन इसे अपनी पढ़ाई पर कभी हावी नहीं होने दिया।