कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित शेखपुर गंगा घाट पर मंगलवार दोपहर गंगा स्नान के दौरान एक युवक गहराई का अंदाजा न लगा पाने के कारण डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम ने कई घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अहिरवा निवासी विवेक राजपूत (22) अपने छोटे भाई अनमोल राजपूत (20) और चार अन्य साथियों के साथ दोपहर करीब तीन बजे गंगा नहाने के लिए शेखपुर घाट पहुंचा था। नहाने के दौरान अचानक गहराई बढ़ने से दोनों भाई डूबने लगे। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल मदद करते हुए अनमोल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन विवेक गंगा की लहरों में समा गया।