कानपुर जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसील क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है जिसमें गुरुवार को एसडीएम विवेक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में सीएससी अधीक्षक अविनाश यादव और थाना महाराजपुर पुलिस बल की संयुक्त टीम ने कई स्थानों पर जांच की। नरवल मोड़ के पास अवैध रूप से संचालित श्रेयांश अस्पताल में बिना पंजीकरण, बिना डॉक्टर और बिना पैरामेडिकल स्टाफ के मरीज भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया और एमओआईसी को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। महाराजपुर हाथीपुर हाईवे पर ओवरब्रिज के निकट आर एस अस्पताल नामक बिल्डिंग की जांच में ऑक्सीजन सिलेंडर, ड्रिप, स्ट्रेचर बेड जैसी सुविधाएं मिलीं। लेकिन वहां कोई डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ या मरीज मौजूद नहीं था। केवल एक केयरटेकर मिला जिसने बताया कि अस्पताल से जुड़े कोई अभिलेख उपलब्ध नहीं हैं। प्रशासन ने अस्पताल का बोर्ड हटवाने, सभी व्यवस्थाएं तत्काल समाप्त करने और चिकित्सा विभाग से कारण बताओ नोटिस जारी कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसडीएम नरवल विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों पर इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।