कल्याणपुर क्षेत्र में हफ्ते भर में दो महिलाओं से चेन लूट के दो शातिरो की पुलिस से मुठभेड़ हो गईl पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगीl पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लियाl आरोपियों के कब्जे से लूटी गईं दोनों सोने की चेन, 3720 रुपये और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। घायल को सीएचसी कल्याणपुर भेजा गया हैl गिरफ्तार आरोपियों पर अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। शनिवार रात कल्याणपुर पुलिस जवाहरपुरम क्षेत्र में एल्डिगो तिराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस दौरान बाइक सवार प्रशांत मिश्रा उर्फ मंगल के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसके साथी आशू ठाकुर को भी गिरफ्तार कर लिया।आरोपियों के कब्जे से लूटी गईं दोनों सोने की चेन, 3720 रुपये और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। मुठभेड़ में घायल मुख्य आरोपी प्रशांत को सीएचसी कल्याणपुर भेजा गया है। ज्ञात हो कि 28 जुलाई की रात करीब 10:50 बजे कश्यप नगर में गोसाई मंदिर के पास बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक से आए दो युवक झपट्टा मारकर महिला के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र लूट कर फरार हो गए थे। दूसरी घटना चार अगस्त की रात करीब 8:35 बजे विजय नगर-कल्याणपुर रोड पर कैलाश होटल से करीब 100 मीटर पहले हुई थी। यहां काली स्प्लेंडर बाइक से आए दो युवकों ने बेटे के साथ पैदल जा रही महिला के गले से सोने की चेन लूट कर फरार हो गए थे। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि गिरफ्तार प्रशांत मिश्रा उर्फ मंगल निवासी ग्राम साहूपुर, थाना बिधूना औरैया का रहने वाला है। उसके पैर में गोली लगी है। उसका साथी आशू ठाकुर निवासी मनयपुर, थाना मंगलपुर कानपुर देहात का निवासी है। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी प्रशांत मिश्रा पर अलग-अलग जिलों के थानों में दर्जन भर मुकदमे दर्ज हैंl इसके अलावा आरोपी आशू ठाकुर पर कल्याणपुर थाने में तीन मुकदमे दर्ज हैंl पुलिस दोनों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।