कल्याणपुर में ट्रैफिक कर्मी का ऑटो चालक से अभद्रता और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। क्रेन पर बैठे कर्मी ने ऑटो रोकने के लिए जबरन हैंड ब्रेक लगा दिया। चालक के विरोध करने पर अपशब्द कहे। पीड़ित चालक ने अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है। वायरल वीडियो की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता है। विजयनगर निवासी ऑटो चालक सूरज सोनी बुधवार को घंटाघर से सवारी लेकर कल्याणपुर क्रॉसिंग पहुंचे थे। सवारी उतारने के बाद वह बगिया क्रॉसिंग होते हुए बिठूर रोड तिराहे की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी ट्रैफिक विभाग की क्रेन में बैठे एक कर्मी ने जबरन उनके ऑटो में बैठने की कोशिश की। विरोध करने पर कर्मी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथापाई करने लगा। सूरज सोनी का आरोप है कि सिपाही ने उन्हें थप्पड़ मारे। जब उन्होंने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो कर्मी ने मोबाइल छीनने और तोड़ने का प्रयास भी किया। वायरल वीडियो में ऑटो चालक जिलाधिकारी और अन्य उच्च अधिकारियों से शिकायत की बात कहते सुनाई दे रहा है जबकि सिपाही गाली देते हुए बोल रहा है कि जो करना है करो। एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि उन्हें प्रकरण की जानकारी नहीं है। पीड़ित की ओर से लिखित शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।