चकेरी के अहिरवां मख्दूमनगर में चोरों ने सरकारी शिक्षक दंपती के बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर नकदी व गहने समेत लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के समय पूरा परिवार अपने गांव बिल्हौर गया था। रविवार रात लौटने पर चोरी की जानकारी हुई। मूलरूप से बिल्हौर के सरोजनी नायडूनगर निवासी मोहम्मद रुहाब के मुताबिक वह अपनी पत्नी शाहजहां, बेटा सरताज, बहू नसरीन, बेटी नेहा और अलशिफा के साथ मखदूमनगर में किराये के मकान में रहते हैं। रुहाब ने बताया कि उनका बेटा सरताज फतेहपुर के खागा में सरकारी शिक्षक है। बहू नसरीन सरसौल के विद्यालय में सरकारी शिक्षक हैं। 13 जून को पूरे परिवार के साथ अपने पैतृक घर बिल्हौर गए थे। इस दौरान मकान बंद था। बीते गुरुवार को उनका बेटा सरताज कुछ देर के लिए दोपहिया वाहन खड़ा करने घर आया था। तब सब कुछ सामान्य था लेकिन रविवार शाम जब पूरा परिवार लौटा तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। चोरों ने अलमारी के ताले तोड़कर हीरे की अंगूठी, दो सोने की अंगूठियां, अन्य कीमती जेवर और 20 से 25 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।