वंदे भारत एक्सप्रेस का गेट लॉक होने और ट्रेन चलने पर एक यात्री ने दौड़ लगा दी। चलती ट्रेन में वह गार्ड रूम का दरवाजा खुला देख चढ़ने लगा लेकिन हाथ फिसल गया। आरपीएफ के जवान ने हाथ पकड़कर उसकी जान बचा ली। कानपुर सेंट्रल स्टेशन की आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक एसएन पाटीदार ने बताया कि सोमवार दोपहर नई दिल्ली से वाराणसी जाने वाली 22436 वंदे भारत एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर आकर रुकी। कोच नंबर सी-8 से नितिन चंदना नीचे उतरकर टहलने लगा। हरी झंडी होने पर ट्रेन के ऑटोमेटिक दरवाजे बंद होने लगे तो यात्री दौड़ा लेकिन तब तक गेट बंद हो गए। ट्रेन के आखिर में गार्ड का कोच खुला देख दाैड़कर चढ़ने का प्रयास करने लगा लेकिन फिसल गया। आरपीएफ के हेड कांस्टेबल रवि प्रताप राय ने साथी संग यात्री का हाथ पकड़ा और प्लेटफॉर्म पर लाए। नितिन चंदना ने बताया कि वह नई दिल्ली से बनारस जा रहा था। उसे दूसरी ट्रेन से बनारस भेजा गया।