परमट स्थित प्राइमरी स्कूल प्रकरण को लेकर विशेषाधिकार हनन मामले में समय से आख्या न देने पर विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे की ओर से फिर से दोनों अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। इस बार पांच कार्य दिवस का समय दिया गया। इससे पहले डीएम और सीपी से 15 कार्य दिवस में आख्या मांगी गई थी लेकिन अवधि बीत जाने के बाद कोई आख्या नहीं दी गई। 13 मई को प्राइमरी स्कूल में शिलान्यास और भूमि पूजन को लेकर विवाद हुआ था। इस पर आर्यनगर से सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से शिकायत की थी। विधायक ने विशेषाधिकार हनन का मामला उठाया था। इस पर विधानसभा सचिवालय की ओर से डीएम और पुलिस कमिश्नर से आख्या मांगी गई थी। निर्धारित अवधि में रिपोर्ट प्राप्त न होने पर सचिवालय ने पांच कार्यदिवस के भीतर तथ्यात्मक आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा कि यह मामला किसी व्यक्ति विशेष का नहीं बल्कि जनप्रतिनिधियों के संवैधानिक अधिकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता की आवाज के सम्मान से जुड़ा हुआ है। विश्वास जताया कि सत्य और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।