कानपुर। दादा नगर स्थित ममता गैस एजेंसी पर सोमवार सुबह से गैस सिलिंडर के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग गई। कई लोग सुबह चार बजे से ही एजेंसी के बाहर लाइन में खड़े हैं, लेकिन दोपहर तक भी उन्हें सिलिंडर नहीं मिल सका। उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्होंने फरवरी में ही गैस बुकिंग कराई थी। मोबाइल पर सिलिंडर डिलीवर होने का मैसेज भी आ गया और बैंक खाते में करीब 17 रुपये की सब्सिडी भी पहुंच गई, जबकि उन्हें अभी तक सिलिंडर नहीं मिला है। लोगों का कहना है कि बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। इससे रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।