कानपुर। चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर गुरुवार को कुङनी स्थित सुप्रसिद्ध बजरंगबली मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों से सजाया गया, जिससे पूरा धाम भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया। “जय बजरंगबली” के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा और श्रद्धालु भक्ति में लीन दिखाई दिए। मंगला आरती के साथ ही सुबह से श्रद्धालुओं का मंदिर में आना शुरू हो गया था। संकटमोचन के दर्शन के लिए दिनभर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। सुबह और शाम के समय मंदिर परिसर में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और कष्टों से मुक्ति की कामना की।