सचेंडी के भौंती नेशनल हाईवे पर पांडु नदी पुल के पास मंगलवार को अचानक प्लास्टिक के मलबे में आग लग लगने से हड़कंप मच गया। मलवे से उठीं लपटें देखते ही देखते इतनी तेज हो गईं कि वहां से गुजर रही 33 केवीए अंडरग्राउंड विद्युत लाइन की केबल भी आग की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद सचेंडी उपकेंद्र से जुड़े ग्रामीण इलाकों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जिसके बाद विद्युत आपूर्ति को सुचारू रूप से चालू करा दिया गया है। हाइवे के पास आग की लपटे देखकर राहगीरों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में पनकी से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान विद्युत कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और क्षति का आकलन करने में जुट गए।कर्मचारियों ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने प्लास्टिक के मलबे में आग लगा दी थी। आग भड़क कर जंगलनुमा पतवार में फैल गई और विद्युत लाइन को भी अपनी चपेट में ले लिया।इस जगह पर पनकी पावर हाउस से सचेंडी विद्युत उपकेंद्र जाने वाली अंडरग्राउंड विद्युत लाइन जमीन के ऊपर से गुजरी है।बताया जा रहा है कि विद्युत लाइन का यह हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है । सचेंडी उपकेंद्र से जुड़े ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति कई बार थोड़ी थोड़ी देर के लिए बाधित रही।विभागीय टीमें मौके पर पहुंचकर लाइन की मरम्मत और व्यवस्था बहाल करने में जुटी जिसके बाद विद्युत आपूर्ति पुनः बहाल की जा सकी। थाना प्रभारी दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि आग लगी थी फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया। बिजली भी सुचारू रूप से चालू हो गई है।।