कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर मंगलवार को अनधिकृत वेंडरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 26 अवैध वेंडरों को पकड़ कर 43,090 रुपये जुर्माना वसूला गया। प्रयागराज मंडल के रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल, उप मुख्य यातायात प्रबंधक अकांशु गोविल और सहायक वाणिज्य प्रबंधक पवन कुमार की निगरानी में चले अभियान में वाणिज्य निरीक्षकों व टिकट जांच कर्मियों ने प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, प्रतीक्षालय और अन्य स्थानों पर सघन जांच की। अभियान का संचालन मुख्य वाणिज्य निरीक्षक एसके मीणा, केडी मीणा, विनय अब्बी और मुख्य टिकट निरीक्षक रामेंद्र कुमार ने किया। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदारी करें और किसी भी अनधिकृत गतिविधि की सूचना हेल्पलाइन 139 या रेलवे अधिकारियों को दें।