किसी को डराकर तो किसी को बहलाकर उनके बैंक खुलवाने के बाद उससे करोड़ों का लेनदेन करने के एक और आरोपी फैज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम था। पुलिस अब पूरे मामले में चार्जशीट लगाने की तैयारी कर रही है। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि आरोपी का पिता और गिरोह का सरगना महफूज उर्फ पप्पू छुरी पहले ही जेल भेजा जा चुका है। मामले में अब तक 10 से अधिक गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। बता दें कि फरवरी में 24 लाख की लूट से बोगस फर्में बनाकर करीब 3200 करोड़ के अवैध लेनदेन का मामला खुला था। गिरोह का सरगना जाजमऊ निवासी महफूज पहले ही जेल भेजा जा चुका है। एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह ने बताया कि जब गिरोह पर शिकंजा कसा गया और ताबड़तोड़ गिरफ्तारियां हुईं तब फैज दो बैगों में करीब एक करोड़ रुपये लेकर भाग निकला था। कानपुर से निकलने के बाद वह कोलकाता में अपने रिश्तेदार के घर भी गया था। वहां उसने एक बड़ी रकम अपनी महिला रिश्तेदार को दी है। इसके बाद से वह लगातार ठिकाने बदल रहा था। यही वजह थी कि उस पर इनाम 25 से बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया था। मामले में लगभग सारी गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। जल्द ही कोर्ट में चार्जशीट भी दाखिल कर दी जाएगी।