नरवल तहसील के सलेमपुर स्थित सिद्ध श्री बालाजी मंदिर में नए वर्ष 2026 के आगमन पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। गांव सहित आसपास और दूर-दराज से आए हजारों भक्तों ने परिवार के साथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। कड़ाके की ठंड भी आस्था के आगे फीकी पड़ गई और सुबह से ही मंदिर परिसर जय श्री राम और बाबा बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा। घंटे-घड़ियालों की ध्वनि ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रबंध किए, जिससे पूजा-अर्चना का क्रम सुचारु रूप से चलता रहा। भक्तों ने लड्डू, नारियल और अन्य प्रसाद अर्पित कर बालाजी सरकार से आशीर्वाद मांगा। स्त्री-पुरुष और बच्चे लंबी कतारों में खड़े होकर दर्शन के लिए उत्साहित दिखे।