अमराहट थाना क्षेत्र के सिहुरा गांव में गुरुवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल से घर लौट रहे सात वर्षीय बालक की कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि उसके साथ चल रही पांच वर्षीय बच्ची घायल हो गई। सूचना पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्य कराया। परिजनों के अनुसार, सिहुरा निवासी अनुराग वर्मा का पुत्र निखिल (7) गांव के प्राथमिक विद्यालय से छुट्टी के बाद पड़ोसी मुकेश कुमार निषाद की पुत्री निशा (5) के साथ घर लौट रहा था। दोपहर करीब 12 बजे दोनों सालिकराम के मकान के पास पहुंचे ही थे कि लगातार बारिश से कमजोर हो चुकी कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दोनों बच्चे मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दोनों बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक निखिल की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घायल निशा को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम ऊषा सिंह और अमराहट थानाध्यक्ष महेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बुलडोजर की मदद से मलबा हटवाया गया और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।