नरवल तहसील के सरसौल ब्लॉक स्थित मछली बाजार सड़क का निर्माण कार्य आखिरकार बृहस्पतिवार से शुरू हो गया। लंबे समय से जर्जर सड़क और गहरे गड्ढों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। आए दिन हादसों हो रहे थे। इस पर अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया लेकिन कागजी प्रक्रिया पूरी होने में करीब छह महीने लग गए। बीते 13 जनवरी को इसी सड़क पर एक दिन में तीन हादसे हुए थे। महाराजपुर निवासी चालक अमित अपने साथी के साथ ऑटो से सामान लेकर हाईवे की ओर जा रहे थे। पुलिया के पास सड़क के गड्ढे में ऑटो फंसकर पलट गया जिससे दोनों घायल हो गए। इसके कुछ देर बाद बौसर गांव निवासी चंद्रपाल कुशवाहा बाइक से जाते समय पानी भरे गड्ढे में गिरकर घायल हो गए। वहीं सिलिंडर लेकर जा रहा एक डिलीवरी मैन भी बाइक समेत गिरकर चोटिल हुआ था। इस पर खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारियों ने निर्माण के लिए कागजी प्रक्रिया शुरू की। वहीं अब काम शुरू होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। ब्लॉक प्रमुख डॉ. विजय रत्ना तोमर ने बताया कि क्षेत्र पंचायत निधि से 121 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इस पर करीब आठ लाख रुपये खर्च होंगे। सड़क निर्माण का टेंडर दो माह पहले हो चुका था। ग्रामीणों को उम्मीद है कि नई सड़क बनने के बाद आवागमन सुरक्षित और सुगम होगा।