महाराजपुर थाना क्षेत्र के सरसौल ओवरब्रिज पर सोमवार शाम बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डीसीएम ने बुलेट में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में महाराजपुर थानाक्षेत्र के महुआगांव निवासी आदित्य सिंह उर्फ शुभम सिंह 30 और अश्वनी उर्फ धर्मेंद्र विश्वकर्मा घायल हो गए जिन्हें स्थानीय लोगों ने फौरन निजी अस्पताल में भर्ती कराया। गुस्साए लोगों ने डीसीएम चालक को मौके पर पकड़ लिया। जानकारी के मुताबिक सोमवार देर शाम हुई तेज बारिश के कारण ओवरब्रिज पर जलभराव हो गया था। कानपुर से महुआगांव जा रहे बुलेट सवार पानी से बचने के लिए अचानक बीच सड़क की ओर मुड़े। इस दौरान पीछे से आ रही डीसीएम ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुलेट उछलकर आगे चल रही कार से टकरा गई और ओवरब्रिज का कंक्रीट बैरियर भी टूटकर हाईवे पर गिर गया। हादसे के बाद कानपुर-प्रयागराज हाईवे करीब 30 मिनट तक जाम रहा। महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि सूचना पर सरसौल चौकी प्रभारी राजमोहन मिश्रा पुलिस बल के साथ पहुंचे थे जिन्होंने यातायात बहाल कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।