कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के आलियापुर टोल प्लाजा के पास 26 अक्तूबर की रात अवैध वसूली का विरोध करने पर किन्नरों ने भदोही के कार सवार युवक और मौके पर पहुंची डायल 112 पीआरवी के सिपाहियों पर हमला बोल दिया। आरोप है कि किन्नरों ने एक सिपाही (सोनू यादव) की वर्दी फाड़ दी और जमकर हंगामा किया। स्थानीय थाने से मदद न मिलने और घंटों कोई बैकअप न आने पर पीड़ित सिपाही ने डायल 112 के ऑफिशियल व्हाट्सएप ग्रुप पर अपनी पीड़ा बयां की। इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने मामले की जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।