सामाजिक संस्था राष्ट्रोदय की ओर से रविवार को अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती सिरकी मोहाल चौराहा स्थित आजाद चौक पर स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने आजाद के संघर्ष, साहस और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान संस्था के अध्यक्ष एवं संयोजक विनय अवस्थी ने कहा कि देश की आजादी में अमर शहीदों का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने शहीदों के प्रति सरकारों और समाज के रवैये पर चिंता जताते हुए कहा कि कुछ समाजसेवियों और चुनिंदा जनप्रतिनिधियों को छोड़ दें तो शहीदों के प्रति व्यापक स्तर पर अपेक्षित आस्था और समर्पण दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से परिचित कराना समय की आवश्यकता है, ताकि उनके आदर्शों को समाज में जीवंत रखा जा सके।