नरवल थाना क्षेत्र के पाली खुर्द में स्थित तालाब में शनिवार दोपहर करीब दो बजे एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। ग्रामीणों के अनुसार मृतका की उम्र करीब तीस वर्ष बताई जा रही है युवती के चेहरे पर चोट के निशान भी मिले हैं। जिससे ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस आसपास के थानों और चौकियों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगालकर शव की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। ग्राम प्रधान और स्थानीय संभ्रांत लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। नरवल थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश पाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी गई है। फॉरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।