जाजमऊ थानाक्षेत्र में कार दौड़ाकर कुचलने के प्रयास के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सोमवार को घटना के सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी ऐसे किसी भी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। जाजमऊ के संजय नगर निवासी ई रिक्शा चालक शोएब ने आरोप लगाया था कि बीते रविवार की रात को स्कूटी सवार युवक नूर अख्तर को रिक्शे के आगे से हटाने के लिए उन्होंने हार्न बजाया था। नूर अख्तर ने विवाद कर उनके रिक्शे का शीशा तोड़ दिया था। साथ ही अपने बड़े भाई कार सवार राजा को बुला लिया था। जिस पर राजा ने रिक्शे में टक्कर मार कर उन्हें कुचलने का प्रयास किया था। वहीं, घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह ने बताया कि प्राथमिकी के आधार पर आरोपी कार चालक राजा उर्फ शोएब अख्तर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।