गुजैनी स्थित लेटेस्ट हाउस में रविवार को आम आदमी पार्टी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के उत्तर प्रदेश यूथ विंग के अध्यक्ष पंकज बवाना ने बेरोजगारी, पेपर लीक और छात्रसंघ चुनाव समेत विभिन्न मुद्दों पर सरकार को निशाने पर लिया। पंकज बवाना ने कहा कि देश के युवाओं ने यह साबित कर दिया है कि जब युवा सड़क पर उतरता है तो सरकार को अपने फैसले वापस लेने पड़ते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में बढ़ती बेरोजगारी और भर्ती प्रक्रियाओं में हो रही देरी के लिए डबल इंजन की सरकार जिम्मेदार है। उनका कहना था कि विभिन्न राज्यों में अभी भी लाखों पदों पर भर्तियां लंबित हैं और कई परीक्षाएं पेपर लीक की घटनाओं से प्रभावित हुई हैं।