कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास तीन में गुरुवार देर शाम लीकेज एलपीजी सिलिंडर में धमाका होने से घर में आग लग गई। इससे पूरी गृहस्थी राख हो गई। आग की चपेट में आने से घर की दीवारें और आसपास के घरों की खिड़कियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में दो महिलाओं सहित छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। आवास विकास तीन निवासी तपन कुमार बरुवा (60) अपने परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम करीब सात बजे रसोई में चाय बनाते समय अचानक सिलिंडर फट गया। हादसे में तपन, उनकी पत्नी अंजना बरुवा, बहू ज्योति, बेटे सुब्रतो, बेटी विशाखा और पड़ोसी महेश श्रीवास्तव (40) झुलस गए। सभी को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। तपन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उर्सला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि किसी जनहानि की सूचना नहीं है लेकिन दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। आग लगने का प्राथमिक कारण लीकेज सिलिंडर है।