कानपुर जनपद के भीतरगांव इलाके में हत्या या आत्महत्या में उलझे एक मानव कंकाल का 48 महीने बाद रविवार को साढ़ पुलिस ने बिरसिंहपुर गांव में रिंद नदी किनारे अंतिम संस्कार किया। यह कंकाल 29 सितंबर 2020 को बेहटा बुजुर्ग गांव में पेड़ पर लटका मिला था। पोस्टमार्टम हाउस से यह कंकाल साढ़ थाने की पुलिस को दे दिया गया था। कहा गया था कि जब तक डीएनए रिपोर्ट नहीं आ जाती, कंकाल को सुरक्षित रखना है। तब से भीतरगांव चौकी में लकड़ी के ताबूत में बंद रखे इस कंकाल की पुलिस रखवाली कर रही थी।