पोनीरोड स्थित श्री राधा-कृष्ण दुर्गा मंदिर प्रांगण में बुधवार से श्रीराम कथा का शुभारंभ किया गया। इसके पूर्व मंदिर स्थल से पोनीरोड से नवीन गंगापुल मोड़ होकर आनंद घाट तक कलश यात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुगण मौजूद रहे। जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया गया। श्रीराधा-कृष्ण दुर्गा मंदिर के 14वें स्थापना दिवस के अवसर पर आज से श्रीराम कथा का आरंभ किया गया। इसके पहले सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पीले अंग वस्त्र पहन कर सिर पर कलश रख पोनीरोड मार्ग से नवीन गंगापुल मोड़ से आनंद घाट पहुंचे। इस बीच लोगों ने फूलों की वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया। जहां से यात्रा वापस कथा स्थल पहुंची जिसके बाद छिबरामऊ कन्नौज से पधारे व्यास पंडित संजीव कृष्ण दुबे ने श्रीराम कथा कहते हुए बताया कि श्रीराम चरित मानस में सभी वंदनीय है। इसे सुनकर प्राणी मात्र का मन प्रसन्नचित होने के साथ ही वह बेहद सरल हो जाता है। इस दौरान तुलसीदास के जीवन पर भी प्रकाश डालते हुए कथा के महत्व के बारे में मौजूद लोगों को बताया गया। कथा सुनने वालों में मंदिर संस्थापक कमल गुप्ता, संरक्षक वीरेंद्र शुक्ला, मीना दोसर, लक्ष्मी गुप्ता, शांति देवी नीतू, विमल समेत अन्य कई लोग रहे।