अमृत भारत रेल स्टेशन योजना के अंतर्गत गंगाघाट रेलवे स्टेशन के कायाकल्प का काम तीन साल से बेहद धीमी गति से हो रहा। इसकी जानकारी मिलने पर मंगलवार को लखनऊ मंडल के गति शक्ति यूनिट के डिप्टी चीफ इंजीनियर ऋषि यादव ने निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था के ठेकेदार को निर्देश दिया कि बड़े हाईलोजन लाइट लगाकर रात में भी काम कराएं, जिससे निर्माण कार्य जल्द पूरा हो सके। डिप्टी चीफ इंजीनियर ने गंगाघाट रेलवे स्टेशन परिसर के पास रिटेनिंग वॉल निर्माण का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद कार्यदायी संस्था एके बिल्डर्स के कर्मचारी मदन तिवारी से कार्य की प्रगति जानी। ठेकेदार के कार्य पर असंतोष जताया। यूनिट के असिस्टेंट एक्जक्यूटिव इंजीनियर मनीष हरित व जेई अभिषेक मिश्रा को कार्य की लगातार मॉनिटरिंग कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अब दिन के साथ रात में भी कार्य कराया जाए ताकि जल्द कार्य खत्म हो। मालूम हो कि योजना के अंतर्गत रेलवे स्टेशन पर यार्ड, नई बिल्डिंग, हाईटेक आरक्षण सुविधा, वातानुकूलित वेटिंग रूम, फुटओवरब्रिज व प्लेटफार्म विस्तारीकरण समेत अन्य काम होने हैं।