परेड स्थित रिहायशी बिल्डिंग के बेसमेंट में बने क्रॉकरी गोदाम में बुधवार सुबह आग लग गई। बेसमेंट से धुआं उठता देख अपार्टमेंट में रह रहे लोगों में भगदड़ मच गई। लोगों ने आनन-फानन बिल्डिंग से बाहर निकलकर दमकल को सूचना दी। रिहायशी इलाके में आग की सूचना पर कर्नलगंज, फजलगंज, मीरपुर समेत अन्य स्टेशनों से पहुंची पांच गाड़ियों ने दो घंटें की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। परेड चौराहे के पास पांच मंजिला आजाद काॅम्प्लेक्स में बने फ्लैटों में बीस परिवार रहते हैं। बिल्डिंग के बेसमेंट में परेड निवासी कारोबारी मोहम्मद जाहिद का क्राॅकरी का बड़ा गोदाम है। बुधवार सुबह अचानक गोदाम में आग लग गई। देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुआं उठता देखकर अपार्टमेंट में रह रहे लोगों में भगदड़ मच गई। आनन फानन लोग बिल्डिंग से निकलकर सड़क पर आ गए। इस बीच लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी।