महाराजपुर थाना क्षेत्र के सरसौल कस्बे में आयुष जनरल स्टोर संचालक राजेश गुप्ता ने खाद्य निरीक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि तीन दिसंबर को छापेमारी और कार्रवाई की धमकी देकर उनसे कुल 10500 रुपये लिए गए जिनमें 6000 रुपये नगद, 4000 रुपये निरीक्षक के साथ आए व्यक्ति के फोन पर और 500 रुपये चालक को सीसीटीवी कैमरे के सामने दिए गए थे व्यापारी नेता महेश वर्मा के साथ पीड़ित ने महाराजपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी कोई कदम नहीं उठाया गया उल्टे निरीक्षक द्वारा विभिन्न लोगों के माध्यम से धमकी दिलवाई जा रही है कि व्यापार चलाना है तो समझौता कर लो। पीड़ित व्यापारी राजेश गुप्ता ने साफ कहा कि चाहे बीच चौराहे पर गोली मार दी जाए लेकिन वह समझौता नहीं करेंगे। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष महेश वर्मा ने बताया कि पूर्व में महाराजपुर में ज्वेलर्स के यहां हुई 33 लाख की चोरी को पुलिस ने मात्र 33 हजार में निपटा दिया था और उच्च अधिकारियों के आदेश पर बरामद जेवरों की तस्दीक भी नहीं कराई गई थी अब खाद्य निरीक्षक मामले में भी कार्रवाई न होने से व्यापारी वर्ग बेहद आक्रोशित है। इन घटनाओं को देखते हुए संगठन ने घोषणा की है कि गुरुवार 11 दिसंबर को चार से पांच सौ व्यापारी महाराजपुर अंडरपास से एकत्र होकर मानव श्रृंखला बनाते हुए थाने पहुंचेंगे और अपना विरोध दर्ज कराएंगे। मामला निस्तारित न होने तक व्यापारी वर्ग थाना परिसर में ही धरना प्रदर्शन के लिए भी चेतावनी दी है।