मैं सुनीता विलियम्स के योगदान की सराहना करती हूं। बॉलीवुड में उन पर फिल्म बनने वाली है, कोशिश है कि मैं उस फिल्म में उनका किरदार निभाऊं। उनका किरदार निभाकर मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानूंगी। यह बातें गुरुवार को फिल्म अभिनेत्री विद्या बालन ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहीं। वह बिठूर स्थित एक होटल में फिक्की फ्लो की ओर से आयोजित टॉक शो में बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि हर फिल्म के साथ उनके रोचक किस्से जुड़े हैं, लेकिन हम पांच सीरियल उन्हें हमेशा याद रहेगा। उस वक्त वह स्कूल में पढ़ रही थीं और सीरियल के लिए फोटो मांगे जा रहे थे। मां और बहन ने उनके फोटो शो में भेजे और चयन भी हो गया। सीरियल खूब चला। इस बीच उनकी पढ़ाई थोड़ी प्रभावित होने लगी। तब उनके माता-पिता ने कहा कि अगर घर में रहना है तो स्नातक पूरा करना होगा, इसके बाद आगे की पढ़ाई की। विद्या बुधवार को शहर आईं और सिविल लाइंस स्थित होटल में रुकी, इस दौरान साथ लाया खाना खाया। गुरुवार को उन्होंने खिचड़ी खाई।