कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में फर्जी फर्म बनाकर देश-विदेश की कंपनियों से ठगी करने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। ईमेल के जरिए मिली शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो करोड़ों के फ्रॉड का नेटवर्क सामने आया। आरोपियों ने अलग-अलग नाम से फर्जी कंपनियां बनाईं और विदेशी कंपनियों को सस्ते माल की सप्लाई का झांसा देकर ऑर्डर हासिल किए। एडवांस रकम लेने के बाद न तो माल भेजा गया और न ही संपर्क रखा गया। इसके बाद आरोपी सारे कम्युनिकेशन चैनल बंद कर देते थे। जांच में सामने आया है कि पोलैंड, चेक गणराज्य समेत यूरोप के कई देशों की कंपनियां इस गिरोह का शिकार बनीं। चेक गणराज्य की कंपनी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कानपुर पुलिस ने कार्रवाई की। अब तक दो आरोपियों को झांसी से और एक को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है। मुंबई से पकड़े गए आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर कानपुर लाया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों से एक करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम फ्रीज कराई है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि दो फर्मों के जरिए करीब दो करोड़ रुपये की ठगी की गई, जबकि पुलिस को सैकड़ों करोड़ के फ्रॉड की आशंका है। कई बैंकों में खुले खातों के जरिए रकम ट्रांसफर की जाती थी। फिलहाल पुलिस बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की डिटेल खंगाल रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में दबिश दे रही है।