सरसौल उपकेन्द्र के प्रेमपुर में सोमवार को आयोजित बिजली राहत कैंप ने ग्रामीण उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी। एसडीओ विनीत चौधरी के नेतृत्व में हुए इस आयोजन का उद्देश्य बकाया बिलों की वसूली के साथ उपभोक्ताओं को छूट योजना का लाभ देना था। लंबे समय से बिल न चुकाने वाले उपभोक्ताओं पर विशेष ध्यान दिया गया और उन्हें एकमुश्त समाधान योजना की जानकारी दी गई। योजना के तहत दिसंबर माह में भुगतान करने पर मूलधन में 25 प्रतिशत और अधिभार में 100 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। जनवरी में दूसरे चरण में मूलधन पर 20 प्रतिशत और अधिभार पर 100 प्रतिशत की छूट मिलेगी। जबकि फरवरी में तीसरे चरण में मूलधन पर 15 प्रतिशत और अधिभार पर 100 प्रतिशत की छूट का प्रावधान है। उपभोक्ता बिल का भुगतान एकमुश्त या 750 रुपए अथवा 500 रुपए की मासिक किस्तों में कर सकते हैं। इस मौके पर अमल सिन्हा जेई जितेंद्र सिंह राहुल वर्मा और अनुभव पटेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।