नए साल की पार्टी मनाने को दो दोस्त निकले और इतने नशे में धुत हो गए कि कार चलाने तक का होश नहीं रहा। राजधानी मार्ग पर कार बहक गईं और 500 मीटर तक नशे में धुत चालक ने कार दौड़ा दी, मुख्य मार्ग के आस-पास रह रहे लोग जान बचाकर भागे। गनीमत रही की कोई हादसा नहीं हुआ। तभी कार जामा मस्जिद के सामने अचानक बंद हो गईं। जिसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी। मंगलवार शाम लखनऊ जनपद के नंबर वाली एक सफेद रंग की वैगनॉर कार कानपुर से शुक्लागंज के राजधानी मार्ग पर सब्जी मंडी पहुंची कार में सवार दो युवक बेहद नशे में थे। लोगों ने बताया कि कार की गति करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटा के हिसाब से होगी तभी कार बहक गईं और इधर-उधर भागने लगी यह देख आस पास के लोग जान बचाकर भागे। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। अन्यथा कई लोगों की जान सांसत में पड़ जाती। कार जामा मस्जिद नगर पालिका के निकट अचानक बंद हो गईं। कार चला रहा युवक बेसुध होकर कार में ही गिर गया जबकि दूसरा बाहर निकला और औंधे मुंह सड़क पर गिर गया। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आईं। मौके पर भीड़ लग गई। इस बीच लोगों ने घायल युवक से जानकारी लेनी चाही तो वह पत्थर मारते हुए गाली गलौज पर अमादा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के पास रहे मोबाइल से उसके परिजनों को सूचना दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों युवक पोनीरोड के रहने वाले बताए गए है जिनकी उम्र 40 से 45 के बीच की हे। जिन्हें उनके परिजनों को सुपुर्द किया गया अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।