कार्तिक पूर्णिमा का पर्व पांच नवंबर को मनाया जाएगा। गंगा नदी के सभी घाटों पर स्नानार्थियों की भारी भीड़ उमड़ेगी। इसको देखते हुए सोमवार को दोपहर डीएम गौरांग राठी और एसपी जेपी सिंह ने नगर के सभी घाटों का निरीक्षण किया। डीएम राठी ने निर्देश दिया कि गंगा स्नान करने आने वाले किसी भी श्रद्धालु को कोई दिक्कत न हो, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। साथ ही घाट व मेला स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे, मोबाइल टॉयलेट, समतलीकरण, चेजिंग रूम आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कार्तिक पूर्णिमा पर पांच नवंबर को पक्का घाट, बालू घाट, आनंद घाट, नमामि गंगे घाट, कंट्रोल घाट व जाजमऊ के चंदन घाट पर सुबह से ही स्नानार्थियों की भीड़ उमड़ेगी। घाटों पर सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद रहें, इसको लेकर सोमवार को डीएम और एसपी बालू घाट पहुंचे। निरीक्षण करने के बाद कटान प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। कटान वाले क्षेत्र में गंगा स्नान करने पर प्रतिबंध लगाने को कहा। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से आसपास बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए।