जिलाधिकारी शनिवार को तहसील दिवस के बाद रावतपुर स्थित वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण करने पहुंच गए। केंद्र में चारों तरफ गंदगी देख भड़क गए। अव्यवस्थाएं मिलने पर सेंटर मैनेजर और सफाई कर्मी का वेतन रोकने के साथ ही जिला प्रोबेशन अधिकारी को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। रावतपुर स्थित वन स्टाप सेंटर में महिला हिंसा से जुड़े मामलों का निवारण किया जाता है। यहां पर डॉक्टर की टीम से लेकर महिला पुलिस, काउंसलर और मैनेजर की तैनाती है। वर्तमान समय में नौ कर्मचारी कार्यरत हैं। शनिवार शाम चार बजे जिलाधिकारी निरीक्षण करने पहुंचे। परिसर के निरीक्षण में जिलाधिकारी को कमरों में गंदगी व स्टोर रूम में कबाड़ भरा मिला। बेड पर मिट्टी की परत जमा थी।